पटियाला, 28 जून, 2026: विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने आज श्री दुख निवारण साहिब (खंडा चौक) से पुराने बस अड्डे के फ्लाईओवर तक 94 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि श्री दुख निवारण साहिब गुरुद्वारा में प्रतिदिन आने वाली संगत को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया गया है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर से उतरकर खंडा चौक तक जाने के लिए इस सड़क का निर्माण समय की आवश्यकता थी।
उन्होंने कहा कि पटियाला शहर की जो सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं, उनका भी पुनर्निर्माण कराया गया है। विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के शहरों और गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य कर रही है।
अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि लोगों को बेहतर सड़कें, सीवरेज, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा इलाके की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पटियाला शहर के सर्वांगीण विकास के लिए विकास परियोजनाओं का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर पार्षद नेहा सिद्धू, ब्लॉक अध्यक्ष अमन जोली, एक्सईएन पियूष अग्रवाल, एसडीओ मुनीश कुमार तथा संदीप वालिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






