नई दिल्ली, 28 जून, 2026 : परीक्षा पेपर लीक और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहे दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बीच जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने रविवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने कथित परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
इस संबंध में काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपक ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सोनम वांगचुक ने छात्रों को न्याय दिलाने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की है।
भूख हड़ताल शुरू होने के बाद जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। इनमें अधिकांश छात्र और युवा शामिल थे, जबकि कुछ किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ की गई।
भूख हड़ताल शुरू करने से पहले सोनम वांगचुक और सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपक ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राजघाट का दौरा किया।
गौरतलब है कि काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन की मांग है कि प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर नीट (NEET), में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा इस मामले में जवाबदेही तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।






