Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabसमाना में बिजली बचत पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण...

समाना में बिजली बचत पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण का दिया संदेश

समाना, 10 जुलाई, 2026: दिनांक 9 जुलाई 2026 को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या), समाना में “बिजली की बचत क्यों और कैसे करें” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व तथा बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के डीएसएम कार्यालय से इंजीनियर शम्मी जिंदल (अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता), इंजीनियर गिरीश कुमार महाजन (एई), इंजीनियर अमरजीत सिंह (एएई) तथा इंजीनियर करमजीत सिंह (एएई) ने भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बिजली की बचत के विभिन्न उपायों और आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण के उपाय अपनाने का संकल्प लिया।
पीएसपीसीएल के डीएसएम कार्यालय द्वारा विद्यार्थियों को पहले से ही ऊर्जा संरक्षण विषय पर जानकारी एकत्रित करने के लिए प्रेरित किया गया था, ताकि उनमें ऊर्जा बचत के प्रति रुचि विकसित हो सके। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण विषय पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए तथा बिजली बचत पर आधारित आकर्षक चित्रकला (पेंटिंग) भी प्रदर्शित की, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक गुरधियान सिंह (स्टेज एंकर), निर्मल (स्कूल प्रभारी), अमनप्रीत कौर, रेखा रानी, वनीता रानी, मलकीत सिंह, जसप्रीत कौर, ऋचा गुप्ता और ज्योति किरण ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को बिजली के सही एवं जिम्मेदार उपयोग की उपयोगी जानकारी मिली है। उन्होंने सुझाव दिया कि पीएसपीसीएल को भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम अधिक से अधिक विद्यालयों में आयोजित करने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति और अधिक जागरूकता लाई जा सके।
शिक्षकों ने पीएसपीसीएल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन अन्य विद्यालयों में नियमित रूप से किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पीएसपीसीएल की डीएसएम टीम द्वारा पुरस्कार स्वरूप ऊर्जा संरक्षण संबंधी स्लोगन वाली कॉपियां, पेन और मग भेंट किए गए। इसके अलावा, कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी कॉपियां और पेन देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अंत में विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments