बीएलओ डोर टू डोर जाकर घरों पर चस्पा कर रहे हैं नोटिस
अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना, आम नागरिक बीएलओ का करें सहयोग
कुरुक्षेत्र, 12 जुलाई, 2026 : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार संपूर्ण देश में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 का कार्य करवाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वो 14 जुलाई का इंतजार ना करें और एन्यूमरेशन फार्म को भरकर अपने बीएलओ के पास जमा करवाएं। अब बीएलओ एन्यूमरेशन फार्म जमा न करवाने वालों के घरों पर नोटिस चस्पा कर रहे हैं, ताकि कोई भी एन्यूमरेशन फार्म जमा करवाने से वंचित ना रहे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित ना रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति या जिसकी मृत्यु हो चुकी हो वह मतदाता सूची में शामिल न रहे। इस दौरान किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से काटा नहीं जाएगा, केवल अपात्र व्यक्ति का नाम नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अपनाते हुए मतदाता सूची से हटाया जाएगा। इसके अलावा 1 जुलाई 2026 को क्वालिफाइंग तिथि मानकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवा भी अपनी वोट बनवा सकेंगे और जिन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। 
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित न रहे तथा त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार की जाए। जिला में कुल 810 बीएलओ नियुक्त किए गए है। उन पर निगरानी रखने के लिए सुपरवाइजर तैनात किए गए है। इसके अलावा संबंधित एसडीएम भी बीएलओ के कार्य पर कड़ी नजर रखेगा तथा वह स्वयं भी निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिक किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते है।
21 जुलाई से 20 अगस्त तक ईआरओ को दे सकते हैं अपने दावे-आपत्तियां
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की क्वालिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है तथा 21 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होगा और 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उनका निपटारा संबंधित ईआरओ द्वारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। ईआरओ के निर्णय से असंतुष्ट होने पर मतदाता जिला निर्वाचन अधिकारी को दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकता है। इस निर्णय के विरूद्ध भी राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी को आपत्ति दर्ज करवा सकते है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ एवं चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।






