16 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त और 500 ग्राम सुल्फा बरामद
मूनक, 12 जुलाई। एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल ने बताया कि सब-डिवीजन मूनक पुलिस द्वारा “युद्ध नशों के विरुद्ध” तथा “गांवों के पहरेदार” अभियान के तहत 5 जुलाई से 12 जुलाई 2026 के बीच कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों से संबंधित दो मामले दर्ज किए गए। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त तथा 500 ग्राम सुल्फा बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम की धारा 27 के तहत तीन मामले दर्ज कर चार व्यक्तियों को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। इसके अलावा नशे की लत से जूझ रहे 12 लोगों को नशा मुक्ति केंद्र से आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
एसएसपी ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामलों में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर 135 ट्रैफिक चालान किए गए। वहीं, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान 59 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत कार्रवाई की गई तथा 11 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल ने आम जनता से भी नशा विरोधी अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायतों, खेल क्लबों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें कर लोगों, विशेषकर युवाओं, को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि समाज से नशे की बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।