Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaझज्जर में दर्दनाक हादसा: बछड़े को बचाने उतरे चार लोगों की जहरीली...

झज्जर में दर्दनाक हादसा: बछड़े को बचाने उतरे चार लोगों की जहरीली गैस से दम घुटने से मौत

कुएं में गिरे बछड़े को निकालने के प्रयास में एक-एक कर उतरे चारों लोग बने हादसे का शिकार, गांव में शोक की लहर

झज्जर, 20 जुलाई, 2026 : हरियाणा के झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में गिरे एक बछड़े को बचाने के प्रयास में नीचे उतरे चार लोगों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान 41 वर्षीय दलवीर, नरेंद्र, 37 वर्षीय मोनू तथा रामे नामक एक प्रवासी मजदूर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, एक बछड़ा गांव के एक पुराने कुएं में गिर गया था। उसे बाहर निकालने के लिए एक व्यक्ति कुएं में उतरा, लेकिन जहरीली गैस की चपेट में आने से बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए अन्य तीन लोग भी क्रमवार कुएं में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस के प्रभाव से बेहोश होकर बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुएं में अत्यधिक मात्रा में जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री भी घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। प्रशासन की ओर से सभी संभव प्रयास किए गए, लेकिन चारों लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

इस बीच स्थानीय विधायक कुलदीप वत्स भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल तथा बाद में सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

उधर, सिविल अस्पताल में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। ग्रामीणों का आरोप था कि यदि राहत एवं बचाव दल समय पर घटनास्थल पर पहुंच जाता, तो संभवतः चारों लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मुनीमपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments