कुरुक्षेत्र, 24 जुलाई,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से 26 जुलाई को लाडवा स्थित आईजीएन कॉलेज में अंत्योदय मेले का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी सामूहिक प्रसारण होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे।
इस संबंध में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेले में 19 विभागों की लगभग 50 सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ने बताया कि नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने और पात्रता के अनुसार लाभ उपलब्ध कराने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है, ताकि वे मौके पर ही लोगों के आवेदन स्वीकार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें।
उन्होंने कहा कि मेले में परिवार पहचान पत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के तहत आवेदन स्वीकार किए जाएंगे और पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र महिलाओं के आवेदन भी विशेष काउंटरों के माध्यम से मौके पर ही लिए जाएंगे।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज विभाग को कुरुक्षेत्र, लाडवा और बाबैन से विशेष बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।






