Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabशहीद ऊधम सिंह की याद में 31 जुलाई को सुनाम में होगा...

शहीद ऊधम सिंह की याद में 31 जुलाई को सुनाम में होगा राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि समारोह

सुनाम, 27 जुलाई,2026 (राजेश कुमार): पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि महान स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि को समर्पित राज्य स्तरीय शहीदी समारोह 31 जुलाई को सुनाम की अनाज मंडी में श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसमें बड़ी संख्या में लोग शहीद को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।

अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा पंजाब सरकार के मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और बलिदान की अद्भुत मिसाल है। जलियांवाला बाग नरसंहार के शहीदों के लिए न्याय की भावना से उन्होंने जो कदम उठाया, वह भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवा पीढ़ी को महान शहीदों की सोच और विरासत से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शहीद ऊधम सिंह के नाम पर कपूरथला में स्थापित की जा रही स्किल यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से 32 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह यूनिवर्सिटी युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को होने वाले समारोह के दौरान इस यूनिवर्सिटी के लिए चार अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए जाएंगे। इन समझौतों से छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा, शोध, तकनीकी प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास और रोजगार योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सुनाम में आयोजित पहले क्लस्टर आधारित मेगा रोजगार कैंप में करीब 1200 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर मिले हैं। इस मॉडल को अब राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने 31 जुलाई को होने वाले राज्य स्तरीय शहीदी समारोह का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया और प्रदेशवासियों से परिवार सहित सुनाम पहुंचकर शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की। समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments