भवानीगढ़, 27 जुलाई,2026 (छत्रपाल सिंह): संगरूर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नरिंदर कौर भराज ने भवानीगढ़ में नवनिर्मित आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। करीब 27 लाख रुपये की लागत से तैयार इस क्लीनिक में लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर विधायक भराज ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को उनके घर के नजदीक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत कम हो रही है।

उन्होंने बताया कि इन क्लीनिकों में मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह, जरूरी दवाइयां, लैब टेस्ट और प्राथमिक स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं मुफ्त मिलेंगी। इससे आम लोगों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि भवानीगढ़ में शुरू हुआ यह क्लीनिक हजारों परिवारों के लिए लाभदायक साबित होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध होंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आम आदमी क्लीनिकों में मिलने वाली मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।






