पंजाब, 27 जुलाई 2026 (लछमण जीत सिंह पुरबा): लुधियाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब में कथित पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की है। बिट्टू ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण पेपर लीक हुए और उन्हें बेचा गया। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों को अभी तक स्थायी रोजगार नहीं दिया गया है।
पेपर लीक के मामले को लेकर विवाद उस समय और बढ़ गया जब शिरोमणि अकाली दल ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। अकाली दल का दावा है कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 12वीं अंग्रेजी परीक्षा और फार्मेसी ऑफिसर टेस्ट समेत छह परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ा है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि सरकार को पेपर लीक रोकने के लिए पहले मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया और बेहतर निगरानी तंत्र लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कड़े कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
डॉ. चीमा ने पेपर लीक कानून में प्रस्तावित फास्ट-ट्रैक अदालतों, 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने और 10 साल तक की सजा जैसे प्रावधानों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने संघीय ढांचे की वकालत करते हुए सुझाव दिया कि राज्यों को अपनी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने का अधिकार मिलना चाहिए, जबकि केंद्र सरकार सुरक्षा मानकों और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराए।






