चंडीगढ़, 28 जुलाई,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): चंडीगढ़ में मंगलवार को भारी बारिश के दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से करंट लगने के कारण पंजाब यूनिवर्सिटी की एक पी.एच.डी स्कॉलर की मौत हो गई। मृतका की पहचान ज्योति के रूप में हुई है, जो पंजाब यूनिवर्सिटी में डॉक्टरेट की छात्रा थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह बारिश के दौरान पैदल जा रही थी, तभी अचानक वह एक बिजली के खंभे के संपर्क में आ गई, जिसमें पानी भरने या बिजली की खराबी के कारण करंट आ रहा था।
करंट लगने के बाद वह मौके पर ही गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे सरकारी मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल, सेक्टर-16 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे से यूनिवर्सिटी परिसर में शोक की लहर फैल गई है। छात्रों और शिक्षकों ने छात्रा की अचानक हुई मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।






