‘लोक मिलनी’ अभियान के तहत ओ.एस.डी सुखवीर सिंह ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
धूरी, 29 जुलाई,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की ओर से लोगों की समस्याओं का उनके घरों के नजदीक समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘लोक मिलनी’ अभियान के तहत ओ.एस.डी सुखवीर सिंह और चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने गांव कलेरां और कहेरू में लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को सरकारी सेवाएं और न्याय उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जा रहा है।
चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सरकार जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव बिना किसी झिझक के प्रशासन के सामने रखें, ताकि समय पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़, जिला परिषद संगरूर के चेयरमैन रछपाल सिंह, सरपंच जगजीत सिंह कलेरां, जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कांझला, धूरी के एमसी पुष्पिंदर शर्मा, ब्लॉक समिति शेरपुर के चेयरमैन चरण सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






