खरड़, 29 जुलाई, 2026 (छत्रपाल सिंह): खरड़ के निकट गांव सहौड़ा के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमित कुमार निवासी कुराली और उमेश कुमार निवासी यमुनानगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक फैक्ट्री में कार्यरत थे और ड्यूटी खत्म होने के बाद मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।






