Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabशहीद ऊधम सिंह के 86वें शहीदी दिवस पर फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धांजलि...

शहीद ऊधम सिंह के 86वें शहीदी दिवस पर फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

फतेहगढ़ साहिब, 31 जुलाई, 2026 (प्रभजोत सिंह): शहीद ऊधम सिंह जी के 86वें शहीदी दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा रोजा शरीफ के नजदीक स्थित शहीदी स्मारक में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरबीर कौर भुल्लर, एसडीएम फतेहगढ़ साहिब करुण गुप्ता, तहसीलदार विशाल वर्मा, नगर परिषद प्रधान आशा रानी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे विधायक लखबीर सिंह राय ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश और पंजाब के स्वाभिमान को जगाने में शहीद ऊधम सिंह की शहादत अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला दुश्मन के घर जाकर लिया। अगर हजारों निहत्थे पंजाबियों की हत्या करने वाले अंग्रेज शासकों से बदला न लिया जाता तो शायद हम कभी सिर ऊंचा करके नहीं जी पाते। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह के साहसिक कदम ने पंजाबियों के गौरव को और ऊंचा किया।

विधायक राय ने कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई है, जिसे संभालना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को शहीदों की कुर्बानियों के बारे में जानकारी देनी चाहिए, ताकि बच्चे उनके सपनों को साकार करने में अपना योगदान दे सकें।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरबीर कौर भुल्लर ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का नाम इतिहास में एक ऐसे वीर योद्धा के रूप में दर्ज है, जिन्होंने सात समंदर पार जाकर देश के स्वाभिमान की रक्षा की। उनकी महान शहादत आज भी देश सेवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस पर हम भारत के इस महान सपूत को नमन करते हैं और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।

कार्यक्रम के दौरान शहीद ऊधम सिंह की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर पुलिस विभाग की ओर से बिगुल बजाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments