पटियाला, 1 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ (आर.जी.एन.यू.एल), पंजाब, पटियाला में 1 अगस्त को “युद्ध नशियों विरुद्ध जंग” विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया और हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, पटियाला के कुलपति प्रो. (डॉ.) पुष्पिंदर सिंह गिल ने प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, जगत गुरु नानक देव पंजाब स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी और पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में सम्मेलन की आयोजन सचिव डॉ. जसलीन केवलानी, आर.जी.एन.यू.एल के डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) नरेश कुमार वत्स, डीन (रिसर्च) प्रो. (डॉ.) कमलजीत कौर, आयोजन समिति के सदस्य और विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य भी मौजूद रहे।
प्रो. गिल ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य नशीले पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग की समस्या पर व्यापक चर्चा करना और इससे निपटने के लिए शिक्षा, कानूनी जागरूकता, खेल, पुनर्वास तथा सामुदायिक भागीदारी को शामिल करते हुए प्रभावी रणनीति तैयार करना है। उन्होंने पंजाब में नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के नेतृत्व और प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, नशा-निवारण शिक्षा को बढ़ावा दें, इस क्षेत्र में शोध को प्रोत्साहित करें और पुनर्वास प्रयासों में सहयोग दें।
कुलपति ने युवाओं को नशों से दूर रखने में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विधिक शिक्षा के माध्यम से जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा सकती है। पंजाब को नशामुक्त, स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी एजेंसियों, नागरिक समाज और स्थानीय समुदायों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।






