पटियाला, 1 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): शैक्षणिक संस्थान पी.एम श्री सरकारी को-एड मल्टीपरपज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पासी रोड के विद्यार्थियों ने जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल के आठ विद्यार्थियों ने जेईई तथा छह विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को देखते हुए पंजाब सरकार की ओर से चंडीगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान पीएम श्री सरकारी को-एड मल्टीपरपज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पासी रोड की प्रिंसिपल मैडम विजय कपूर को पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2026 में विद्यार्थियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया। नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों में राजवंश आहलूवालिया, नवजोत सिंह, विधिता, इशनूर कौर, मनिंदर सिंह और सीमा गुप्ता शामिल हैं। वहीं जेईई परीक्षा में आठ विद्यार्थियों की सफलता भी स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों का प्रमाण है। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और प्रिंसिपलों की मेहनत के कारण आज पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने प्रिंसिपल विजय कपूर और स्कूल की पूरी शिक्षक टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य स्कूलों के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर प्रिंसिपल मैडम विजय कपूर ने सम्मान का श्रेय स्कूल के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को देते हुए कहा कि टीम वर्क, योजनाबद्ध तैयारी और लगातार मेहनत के परिणामस्वरूप यह सफलता संभव हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस सम्मान के साथ पी.एम. श्री सरकारी को-एड मल्टीपरपज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पासी रोड, पटियाला ने एक बार फिर साबित किया है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी अपनी मेहनत, योग्यता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं। सम्मान प्राप्त कर स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल विजय कपूर का पूरे स्टाफ की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी पटियाला शालू मेहरा ने भी प्रिंसिपल विजय कपूर को विशेष रूप से बधाई दी।






