1अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम आतंकियों ने एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना कुलगाम के किलम इलाके में स्थित ईंट भट्ठा नंबर 70 बी पर हुई, जहां छत्तीसगढ़ निवासी दो मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान दीपक रातरे (24), पुत्र उमाशंकर रातरे, और भूपेंद्र (28), पुत्र दस्तत, दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी के रूप में हुई है। हमले के बाद दोनों को इलाज के लिए अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं भूपेंद्र का इलाज जारी है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षाबल आतंकियों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं।






