5 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): जालंधर पुलिस के सी.आई.ए. स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जालंधर के जमशेर टी-प्वाइंट के पास नाकाबंदी कर दो युवकों को 1.10 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। बरामद की गई हेरोइन की कीमत बाजार में करोड़ों रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक मुख्य सप्लायर भी शामिल है, जो अमृतसर से जालंधर में नशे की खेप पहुंचाने आया था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ बलवीर सिंह निवासी चंद डायरी, ब्यास और पवित्र सिंह उर्फ लाडी निवासी गांव दादूवाल, जालंधर के रूप में हुई है।
सी.आई.ए. स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार कंबोज ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अमृतसर से एक तस्कर जमशेर इलाके में हेरोइन की सप्लाई करने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जमशेर टी-प्वाइंट पर विशेष नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान दो युवक अलग-अलग रास्तों से आकर एक-दूसरे से मिले। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उनके पास मौजूद बैगों से 1.10 किलो हेरोइन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पवित्र सिंह ने जालंधर में बेचने के लिए आकाशदीप सिंह से हेरोइन मंगवाई थी। पुलिस ने बताया कि आकाशदीप के खिलाफ कपूरथला में भी नशा तस्करी का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।






