7 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती) एलन मस्क एक बार फिर अपनी बडी-बडी अंतरिक्ष योजनाओं को लेकर सुर्खियों में हैं। स्पेस में ए.आई. डेटा सेंटर बनाने की योजना के बाद अब स्पेसएक्स ने चंद्रमा पर औद्योगिक ढांचा तैयार करने का विचार सामने रखा है। कंपनी के प्रमुख एलन मस्क ने हालिया अर्निंग्स कॉल में संकेत दिया कि भविष्य में ह्यूमनॉइड रोबोट्स की मदद से चांद पर फैक्ट्रियां स्थापित की जा सकती हैं।
मस्क के अनुसार, अगर चंद्रमा पर बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियां शुरू हो जाती हैं, तो इससे अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई मिल सकती है। उनका अनुमान है कि आने वाले समय में स्पेस इकोनॉमी पृथ्वी की मौजूदा अर्थव्यवस्था से कई गुना बड़ी हो सकती है।
स्पेसएक्स का मानना है कि चंद्रमा पर फैक्ट्रियों का संचालन पृथ्वी की तुलना में अलग तरीके से किया जा सकेगा। यहां इंसानों की मौजूदगी सीमित रखते हुए रोबोट निर्माण, मशीनों की मरम्मत और चंद्र संसाधनों के इस्तेमाल जैसे काम कर सकते हैं। इससे लागत कम करने और लंबे समय तक मिशन चलाने में मदद मिल सकती है।
रोबोट तैयार करेंगे अंतरिक्ष में कार्गो भेजने की नई तकनीक
मस्क ने भविष्य की एक ऐसी प्रणाली का भी जिक्र किया जिसे “मास एक्सेलरेटर” कहा जा रहा है। यह तकनीक चंद्रमा से सामान को अंतरिक्ष में भेजने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है, जिससे हर बार रॉकेट लॉन्च करने की जरूरत कम हो सकती है।
हालांकि, मस्क ने माना कि यह योजना अभी काफी दूर की सोच लग सकती है और इसे वास्तविकता में बदलने के लिए कई तकनीकी चुनौतियों को पार करना होगा। SpaceX ने अभी तक इस परियोजना की लागत, समयसीमा या इस्तेमाल होने वाले रोबोट सिस्टम की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
स्पेस में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी स्पेसएक्स का फोकस
चंद्रमा की योजना के साथ-साथ स्पेसएक्स अंतरिक्ष में एआई कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रही है। कंपनी ने Nvidia के साथ मिलकर ऑर्बिटल डेटा सेंटर विकसित करने की दिशा में साझेदारी की है।
इस प्रोजेक्ट के तहत अंतरिक्ष में ऐसे सैटेलाइट सिस्टम तैयार किए जाएंगे, जिनमें अत्याधुनिक एआई चिप्स का इस्तेमाल होगा। इनमें Nvidia के नए GPU और CPU टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाएगा, जिससे अंतरिक्ष में ही बड़े स्तर पर डेटा प्रोसेसिंग संभव हो सकेगी।
एलन मस्क का विजन अब केवल रॉकेट और सैटेलाइट तक सीमित नहीं है। उनकी योजनाएं चांद पर उद्योग स्थापित करने से लेकर अंतरिक्ष में एआई आधारित कंप्यूटिंग नेटवर्क बनाने तक फैली हुई हैं, जो भविष्य के स्पेस इकोनॉमी मॉडल को बदल सकती हैं।






