पटियाला, 7 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): शाही शहर पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के तहत बड़े स्तर पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। मेयर कुंदन गोगिया और नगर निगम कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख समानीया गेट बाजार और राजिंदरा अस्पताल रोड (संगरूर रोड) पर अचानक निरीक्षण किया तथा प्लास्टिक का उपयोग करने और गंदगी फैलाने वालों के लगभग 40 चालान काटे। यह कार्रवाई सेनेटरी अधिकारी नवदीप शर्मा की देखरेख में सेनेटरी इंस्पेक्टर राजेश माटू तथा सेनेटरी सुपरवाइजर नरेंद्र कुमार के नेतृत्व वाली नगर निगम टीम द्वारा की गई।

मेयर कुंदन गोगिया ने स्पष्ट किया कि शहर की हरियाली, पर्यावरण और स्वच्छता व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सिंगल यूज़ प्लास्टिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सीवरेज और नालियों के जाम होने का भी एक प्रमुख कारण है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जो भी व्यक्ति या दुकानदार नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ यह सख्ती लगातार जारी रहेगी।
नगर निगम टीम ने सभी दुकानदारों, मार्केट एसोसिएशनों और खरीदारी करने आए लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक के थैलों का पूरी तरह बहिष्कार करें। दुकानदार अपनी दुकानों का कचरा सड़कों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालें तथा ग्राहकों को कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करें, ताकि ‘मिशन क्लीन पटियाला’ को सफल बनाया जा सके।






