8 अगस्त,2026 (जगमेल सिंह ढिल्लो): लुधियाना के हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट ए.आई.-484 को तकनीकी खराबी के चलते करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसके अगले हिस्से की तरफ से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। स्थिति को देखते हुए पायलट ने उड़ान रोककर विमान को वापस एप्रन पर खड़ा कर दिया। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों को बसों के माध्यम से टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। इसके बाद विमान की तकनीकी जांच की गई और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद फ्लाइट को शाम करीब 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
फ्लाइट में करीब 50 यात्री सवार थे। लंबे इंतजार के कारण लगभग 30 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी, जबकि करीब 20 यात्री एयरपोर्ट पर ही रुके रहे और विमान के रवाना होने का इंतजार किया।
दिल्ली के मौसम ने भी बढ़ाई परेशानी
फ्लाइट में देरी की एक वजह दिल्ली में खराब मौसम को भी बताया गया। दोपहर करीब 2:40 बजे विमान एप्रन से रनवे की ओर जा रहा था। इसी दौरान विमान के अगले हिस्से से तेज आवाज आने के बाद उसे रोक दिया गया और वापस एप्रन पर लाया गया। यात्रियों को बताया गया कि विमान में आई तकनीकी समस्या के साथ दिल्ली में खराब मौसम भी देरी का कारण बना।
हलवारा एयरपोर्ट से जुड़ी उड़ानों पर मौसम का असर पहले भी देखने को मिल चुका है। कुछ दिन पहले दिल्ली से हलवारा आने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को खराब मौसम के चलते वापस दिल्ली लौटना पड़ा था।






