Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaसरकार विश्व स्तरीय शिक्षा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है:...

सरकार विश्व स्तरीय शिक्षा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा, 9 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान समय की मांग के अनुरूप विज्ञान, कंप्यूटर और रोबोटिक्स की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों के लिए प्रयोग, शोध और नवाचार के नए द्वार खोलेंगी। इसके साथ ही तकनीक से लैस कक्षाएं सीखने की प्रक्रिया को युवाओं के लिए रोचक बनाएंगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को हिसार में ओ.पी. जिंदल मॉडर्न स्कूल में नई शैक्षणिक सुविधाओं के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में ‘उत्कर्ष’ प्रशासनिक ब्लॉक, ‘उदय’ एस.ई.एन. विंग, ‘उद्गम’ स्विमिंग पूल और ‘उत्सव’ ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह पूर्व मंत्री, महान उद्योगपति, समाजसेवी और राष्ट्र निर्माता स्वर्गीय श्री ओ.पी. जिंदल की 96वीं जयंती के कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है। मैं उस महान व्यक्तित्व को श्रद्धापूर्वक नमन और वंदन करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कूल में उपलब्ध आधुनिक सुविधाएं नई पीढ़ी को वर्तमान युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में लाभदायक साबित होंगी। इस नई शुरुआत के लिए विद्यार्थी, प्रबंधन समिति और शिक्षक बधाई के पात्र हैं। वर्ष 1997 में शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले इस स्कूल का नाम ओ.पी. जिंदल मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल रखा गया था। इसमें आधुनिक तरीकों, तकनीक और आधुनिक सोच के साथ आधुनिक नागरिक तैयार किए जाते हैं। इसलिए श्री ओ.पी. जिंदल के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें, यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कूल में स्थापित इनोवेशन हब विशेष रूप से सराहनीय पहल है। हर बच्चे के अंदर कोई न कोई अनूठी क्षमता, कल्पना और विचार छिपा होता है। उसे ऐसे वातावरण की आवश्यकता होती है, जहां वह अपने विचार व्यक्त कर सके, उन्हें मॉडल और प्रोजेक्ट में बदल सके तथा साथियों और शिक्षकों के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान खोज सके। यह केंद्र विद्यार्थियों की सोच, टीम वर्क, नेतृत्व और समस्या समाधान जैसी क्षमताओं को मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान नई पीढ़ी को 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही, नई शिक्षा नीति को व्यावहारिक रूप से लागू करने और विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण में भी इनका बड़ा योगदान होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुसार नई शिक्षा नीति में युवाओं को ऐसी शिक्षा मिलेगी, जो उन्हें चरित्रवान, रोजगारपरक और कुशल बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नए भारत के निर्माण के मूल मंत्र के अनुसार सरकार कार्य कर रही है। उनके इसी विजन को साकार करने के लिए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और कौशल विकास के लिए अनेक प्रयास किए गए हैं। ये प्रयास पूरे प्रदेश में जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां इनोवेशन हब खोले गए हैं, वहीं से नए स्टार्ट-अप भी जन्म लें और युवा पीढ़ी का बेहतर भविष्य विकसित हो। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।

हरियाणा में ए.आई. मिशन की स्थापना नई पहल

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा आगे बढ़े हैं। अब तक 10 हजार से अधिक युवाओं ने स्टार्ट-अप अपनाकर लाभ लिया है। सरकार ने हरियाणा ए.आई. मिशन की स्थापना करके एक और नई पहल की है। इस ए.आई. मिशन के माध्यम से गुरुग्राम और पंचकूला में ए.आई. हब स्थापित किए जाएंगे। सरकार प्रदेश में विश्व स्तरीय शिक्षा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए कुछ ठोस निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया गया है, स्मार्ट क्लासरूम, टैबलेट वितरण और ई-लर्निंग को प्रोत्साहित किया गया है। हर ब्लॉक में उत्कृष्ट मॉडल स्कूलों की स्थापना, बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और डिजिटल कौशल की शिक्षा, कौशल विकास कार्यक्रमों को स्कूल स्तर से जोड़ने तथा उच्च शिक्षा में शोध और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों में अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments