चंडीगढ़, 12 अगस्त 2026 (विशाल गुप्ता): जगतार सिंह हवारा की पैरोल के मुद्दे को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात की। मुख्यमंत्री राजभवन पहुंचे और इस मामले को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के बाद भगवंत मान ने बताया कि राज्यपाल ने उन्हें भरोसा दिया है कि हवारा की पैरोल से संबंधित सभी दस्तावेज तैयार करके आज ही केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे।
10 दिनों की पैरोल की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से 10 दिनों की पैरोल की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मानवीय आधार पर विचार किया जाना चाहिए। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने पैरोल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की गारंटी दी है। उनके मुताबिक, यदि पैरोल दी जाती है तो इस दौरान किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा नहीं होने दी जाएगी।
‘मां 31 साल से बेटे का इंतजार कर रही है’
मुख्यमंत्री ने इस मामले को भावनात्मक पहलू से भी उठाया। उन्होंने कहा कि एक मां पिछले 31 साल से अपने बेटे का इंतजार कर रही है, इसलिए मानवीय आधार पर पैरोल देने पर विचार किया जाना चाहिए। अब राज्यपाल की ओर से दस्तावेज केंद्र सरकार को भेजे जाने के बाद आगे की कार्रवाई केंद्र के स्तर पर होगी। हवारा की पैरोल को लेकर अब केंद्र सरकार के फैसले पर नजर रहेगी।






