चंडीगढ़, 18 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्य संगठन को लेकर बड़ा फैसला किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया को पंजाब बीजेपी का प्रभारी नियुक्त किया है। बताया जा रहा है कि पूनिया पिछले कुछ महीनों से पंजाब संगठन के कामकाज पर पर्दे के पीछे से नजर रख रहे थे।
पंजाब बीजेपी के प्रभारी का पद लंबे समय से खाली था। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय रूपाणी के पास थी, जिनकी 12 जून 2025 को एयर इंडिया की उड़ान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
सतीश पूनिया को कुछ महीने पहले ही पंजाब में बीजेपी के संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह फिलहाल हरियाणा बीजेपी से जुड़े संगठनात्मक कार्यों को भी देख रहे हैं। पंजाब में वह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ समन्वय कर काम करेंगे। सैनी को ओबीसी समुदाय के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
बीजेपी के ‘मिशन पंजाब’ के तहत पार्टी की रणनीति जाट सिखों के साथ-साथ ओबीसी और दलित समुदायों के बीच अपना जनाधार बढ़ाने की है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सामाजिक और क्षेत्रीय स्तर पर संपर्क अभियान को भी गति देने की तैयारी में है।
सतीश पूनिया राजस्थान बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। वह स्वयं जाट समुदाय से आते हैं। ऐसे में पंजाब में उनकी नियुक्ति को बीजेपी की सामाजिक समीकरणों और संगठनात्मक विस्तार की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






