Thursday, August 27, 2026
HomePunjabश्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के दर्शनों के लिए बसें...

श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के दर्शनों के लिए बसें रवाना

धूरी, 18 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा लोगों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के लिए चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत आज पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने धूरी से श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें श्रद्धालुओं को श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के पवित्र धामों के दर्शन करवाने के लिए ले जाएंगी। इस अवसर पर चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें सुखद, सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़ भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा हर वर्ग के लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का विस्तार किया गया है। इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को विभिन्न पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं, ताकि वे बिना किसी वित्तीय बोझ के अपनी तीर्थ यात्रा की इच्छा पूरी कर सकें।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत 50 वर्ष और इससे अधिक आयु के श्रद्धालु यात्रा कर सकते हैं। पंजाब सरकार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए एसी स्लीपर बस यात्रा के साथ-साथ रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी नि:शुल्क की जा रही है। इसके अलावा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

चेयरमैन ने कहा कि योजना के पहले चरण के तहत अब तक करीब 4 लाख श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। इस यात्रा पर अब तक 148 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और पंजाब सरकार द्वारा कुल 10 लाख श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि योजना का विस्तार करते हुए अब श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन धाम जैसे पवित्र स्थलों को भी तीर्थ यात्रा से जोड़ा गया है। इससे प्रदेश के लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।

दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा के दौरान मेडिकल सहायता और अन्य जरूरी प्रबंध भी किए जा रहे हैं। प्रत्येक बस में अटेंडेंट तथा विभिन्न गंतव्यों पर विशेष टीमों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का यह प्रयास केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में भाईचारे, सद्भावना और आपसी सम्मान की भावना को और मजबूत करने का भी प्रयास है। पंजाब गुरुओं, पीरों और संतों की धरती है तथा सभी धर्मों के धार्मिक स्थल मानवता, एकता और शांति का संदेश देते हैं।

चेयरमैन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पवित्र स्थलों के दर्शन करते हुए पंजाब की खुशहाली, तरक्की, अमन-शांति और लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसे जनहितैषी प्रयास भविष्य में भी जारी रखेगी।

इस अवसर पर चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने सभी श्रद्धालुओं को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अनिल मित्तल, प्रधान नगर कौंसिल अमरजोत कौर, ब्लॉक प्रधान नरेश कुमार, पार्षद राजीव वर्मा, पार्षद सुशील रिंकू, बलविंदर सिंह बिल्लू, अजीब सिंह सहित स्थानीय नेता, अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments