पानीपत,19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने मंगलवार को पानीपत के निजामपुर गांव स्थित सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने पूरे स्कूल परिसर का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों तथा शिक्षकों को स्कूल परिसर में सफाई के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्कूल के निरीक्षण के बाद शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के साथ बैठक की और कक्षाओं में दी जा रही शिक्षा के स्तर पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमता के अनुसार बेहतर प्रदर्शन कर सके।
निरीक्षण के दौरान श्री महीपाल ढांडा ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और दैनिक गतिविधियों के बारे में सवाल पूछे। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा मंत्री ने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था, शौचालयों की सफाई और पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थियों की सुविधाओं या शिक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रदेश के हर बच्चे को आसानी से उपलब्ध होने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।






