अंबाला,19 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मंगलवार को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा के नेतृत्व में विभिन्न सिख संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान पंजोखरा साहिब से जुड़े मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बारे में जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और सफल रही। मुख्यमंत्री ने पंजोखरा साहिब के मुद्दे पर हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद 25 अगस्त को प्रस्तावित रोष प्रदर्शन अब नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सिख संगठनों और साध संगत से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह से बचें और प्रदेश के हित में आपसी भाईचारे एवं सद्भावना के साथ काम करें। जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि पंजोखरा साहिब से जुड़े मुद्दे पर सकारात्मक बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद अब सभी पक्षों को शांतिपूर्ण और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने साध संगत से भी किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की।






