मुंबई,19 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। वह अक्सर अपनी तस्वीरों और पोस्ट के जरिए फैंस से जुड़े रहते हैं। अब उनकी कुछ नई तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं, जिनमें अभिनेता जिम के अंदर अपने फिटनेस गोल्स दिखाते नजर आ रहे हैं। अनुपम खेर ने हाल ही में जिम से अपनी कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं। तस्वीरों में वह अलग-अलग आउटफिट में नजर आए। इन तस्वीरों के साथ अनुपम खेर ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा। उन्होंने बताया कि उन्हें जिम जाना और वर्कआउट करना पसंद है, लेकिन एक्सरसाइज के बाद खड़े होकर तस्वीर खिंचवाना उन्हें सबसे ज्यादा अच्छा लगता है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि मेहनत करने के साथ-साथ उस मेहनत का सबूत दिखाना भी जरूरी है।
फिटनेस और ऊर्जा की तारीफ
अनुपम खेर की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने उनकी फिटनेस और ऊर्जा की तारीफ की। एक यूजर ने उन्हें हमेशा फिट रहने वाला बताया, जबकि दूसरे ने उन्हें प्रेरणा देने वाला व्यक्तित्व कहा। एक कमेंट में जिम को जिंदगी का जरूरी हिस्सा बताया गया।
फिल्मों में भी लगातार सक्रिय हैं अनुपम खेर
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर हाल ही में सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बन रही यह फिल्म दिवाली के बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है। इससे पहले अनुपम खेर फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ में नजर आए थे। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन भी उन्होंने ही किया था और फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।






