यूनिवर्सिटी प्रशासन पर छात्रों को अलग-अलग धड़ों में बांटने के आरोप, हॉस्टल और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी उठे सवाल
पटियाला, 19 अगस्त 2026 (बलजीत सरना): यूनिवर्सिटी में फीसों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों का धरना लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि विभिन्न फीसों में 16 फीसदी से लेकर 58 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है, जो उन्हें मंजूर नहीं है।
छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मांगों को सुनने के बजाय उन्हें अलग-अलग धड़ों में बांटने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों ने हॉस्टल व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

हॉस्टलों के निर्माण का मुद्दा भी उठाया
प्रदर्शनकारी छात्रों ने नए हॉस्टलों के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि नए हॉस्टलों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 90 फीसदी ग्रांट उपलब्ध करवाई गई है, लेकिन पंजाब सरकार की ओर से अपना 10 फीसदी हिस्सा नहीं देने के कारण हॉस्टलों का निर्माण आगे नहीं बढ़ रहा है। छात्रों ने मांग की कि ग्रांट का सही इस्तेमाल करते हुए नए हॉस्टलों का निर्माण जल्द शुरू किया जाए, ताकि छात्रों को रहने से संबंधित आ रही परेशानियों का समाधान हो सके।
छात्राओं ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
यूनिवर्सिटी में बीती रात हुई घटना के संबंध में छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुरुष पुलिस अधिकारियों द्वारा उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। छात्राओं ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जवाब मांगा है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि लड़कियों को हॉस्टल के अंदर रोकने या नजरबंद करने का प्रयास किया गया।






