Thursday, August 27, 2026
HomeHaryana‘गो ग्लोबल’ अप्रोच के साथ हरियाणा को दुनिया से जोड़ने की दिशा...

‘गो ग्लोबल’ अप्रोच के साथ हरियाणा को दुनिया से जोड़ने की दिशा में कदम

हरियाणा , 20 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा को ‘गो ग्लोबल’ अप्रोच के साथ दुनिया से जोड़ने और युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसरों का विस्तार करने की दिशा में विदेश सहयोग विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को संत कबीर कुटीर में हरियाणा की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में पढ़ रहे विदेशी विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने विदेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों ने शिक्षा, चिकित्सा, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा किए हैं। ऐसे में युवाओं को लगातार सीखते रहने, नई तकनीकों को अपनाने और बदलती दुनिया के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘गो ग्लोबल’ अप्रोच के साथ आगे बढ़ते हुए युवाओं को वैश्विक अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। शिक्षा जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की शुरुआत है।

संवाद कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र और महर्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय, मुलाना में पढ़ रहे 14 देशों के विद्यार्थी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और शोध कार्य को लेकर सीधे संवाद किया। उन्होंने पूछा कि वे जिस विषय पर शोध कर रहे हैं, उसमें उन्हें क्या नया सीखने को मिला और हरियाणा में उनका अनुभव कैसा रहा। विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपने अनुभव साझा किए तथा हरियाणा में शिक्षा, शोध, विश्वविद्यालयों के वातावरण, संस्कृति और लोगों से जुड़े अपने अनुभवों के बारे में बताया।

हरियाणा से मिली शिक्षा और संस्कार जीवनभर साथ रहेंगे : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में विश्वविद्यालय का समय केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं होता। इस दौरान प्राप्त शिक्षा, अनुभव और यादें जीवनभर साथ रहती हैं। हरियाणा में शिक्षा प्राप्त कर रहे विदेशी विद्यार्थी जब अपने-अपने देशों में वापस जाएंगे, तो वे यहां के अनुभवों को वहां साझा करेंगे।

उन्होंने कहा कि ये विद्यार्थी हरियाणा के ‘ब्रांड एंबेसडर’ की तरह काम कर सकते हैं और अपने देशों में प्रदेश की शिक्षा, संस्कृति तथा यहां मिले अनुभवों की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि हरियाणा से प्राप्त ज्ञान और अनुभवों का लाभ वे अपने देशों के विकास में भी पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध धरती है। कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर भगवान श्री कृष्ण ने गीता के माध्यम से कर्म का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी मेहनत, निष्ठा और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

हरियाणा सरकार केवल जी-टू-जी नहीं, हार्ट-टू-हार्ट संबंधों में विश्वास रखती है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार केवल जी-टू-जी यानी सरकार से सरकार के संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि हार्ट-टू-हार्ट यानी दिल से दिल के जुड़ाव के माध्यम से दुनिया से जुड़ने में विश्वास रखती है। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ का संदेश दिया है। प्रदेश सरकार भी इसी भावना को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में शिक्षा ग्रहण करने आए विदेशी विद्यार्थी यहां केवल डिग्री लेने नहीं आए हैं, बल्कि वे हरियाणा की संस्कृति, परंपराओं और यहां के लोगों से जुड़ने का अनुभव भी अपने साथ लेकर जाएंगे। इन विद्यार्थियों के माध्यम से ‘पीपल-टू-पीपल कनेक्ट’ मजबूत होगा और हरियाणा तथा उनके देशों के बीच आपसी समझ, सहयोग और विश्वास के संबंध और मजबूत होंगे।

अफ्रीकी देशों के विद्यार्थियों के साथ अफगानिस्तान की छात्रा भी हुई शामिल

संवाद कार्यक्रम में अफ्रीकी देशों सहित विभिन्न देशों के विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें अफगानिस्तान की एक छात्रा भी शामिल रही, जिसने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में पीएचडी पूरी की है। उन्होंने हरियाणा में बिताए सात वर्षों के अनुभव साझा किए। खास बात यह रही कि उनका पूरा संवाद हिंदी भाषा में रहा।

अन्य विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपने शोध और अध्ययन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि हरियाणा में रहते हुए उन्हें अपने विषय के साथ-साथ भारतीय और हरियाणवी संस्कृति को समझने का भी अवसर मिला।

हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए यूके में पढ़ाई का नया अवसर

विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि हरियाणा के विद्यार्थियों को विदेशों में पढ़ाई और शोध के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही हरियाणा के विद्यार्थी यूके की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए जा सकेंगे और इस संबंध में कार्यक्रम जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से हरियाणा के युवाओं को विदेश जाकर नई तकनीक, नए विषयों और पढ़ाई के बेहतर तरीकों को सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें भविष्य में बेहतर रोजगार और करियर के अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को वैश्विक स्तर पर शिक्षा और अपने कौशल को आगे बढ़ाने के अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटियों को विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग और एमओयू बढ़ाने पर जोर दिया। इसके लिए वीजा प्रक्रिया को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा के विद्यार्थियों को विदेशों में पढ़ाई और शोध के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही विदेशी विद्यार्थियों के लिए हरियाणा को एक बेहतर और आकर्षक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

विदेशी विद्यार्थी बनेंगे हरियाणा के दूत

विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री पवन चौधरी ने कहा कि 14 देशों के विद्यार्थी हरियाणा में शिक्षा और शोध का अनुभव ले रहे हैं। ये विद्यार्थी अपने-अपने देशों में लौटकर हरियाणा के अनुभवों को साझा करेंगे और प्रदेश के दूत के रूप में हरियाणा की सकारात्मक छवि को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि विदेशों की यूनिवर्सिटियों और संस्थानों के साथ शैक्षणिक एवं शोध सहयोग बढ़ने से हरियाणा के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा, कौशल विकास, इंटर्नशिप, रोजगार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए अवसर पैदा होंगे। हरियाणा में पढ़ाई कर रहे विदेशी विद्यार्थी केवल शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी नहीं हैं, बल्कि वे दोनों देशों के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों के पुल भी हैं।

इन विद्यार्थियों के अनुभवों के माध्यम से हरियाणा की शिक्षा, संस्कृति, कृषि, शोध और विकास मॉडल की सकारात्मक जानकारी दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचेगी।

कार्यक्रम के दौरान विदेश सहयोग विभाग के महानिदेशक श्री अशोक मीणा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री अजय कुमार, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज कंबोज, डॉ. आशा क्वात्रा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से प्रो. दीपक राय, प्रो. संजीव अग्रवाल और डॉ. रोशनी, विदेश सहयोग विभाग की संयुक्त निदेशक हिना बिंदलिश सहित विदेशी विद्यार्थी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments