Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaशिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कैप्टन जिले सिंह स्कूल में प्रतियोगिता का...

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कैप्टन जिले सिंह स्कूल में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया

हरियाणा, 23 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा और खेल जीवन में बेहद महत्वपूर्ण हैं। खेलों के माध्यम से हम स्वस्थ रह सकते हैं। हमारी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी नीति लागू कर रही है। इसके परिणामस्वरूप हरियाणा और देश के खिलाड़ी ओलंपिक जैसे विश्वस्तरीय खेल आयोजनों में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देने का भी आह्वान किया।

शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा शनिवार को चरखी दादरी के कैप्टन जिले सिंह स्कूल में 59वीं तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मंत्री महिपाल ढांडा और विधायक श्री सुनील सतपाल सांगवान ने प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों से परिचय किया, उन्हें जीत के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साह बढ़ाया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की कबड्डी टीमें भाग ले रही हैं।

खिलाड़ियों का पसीना ही उन्हें ओलंपिक तक लेकर जाएगा: महिपाल ढांडा

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मैदान में निष्ठा और खेल भावना के साथ पसीना बहा रहे ये युवा खिलाड़ी एक दिन ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसी राष्ट्रीय पहल और हरियाणा सरकार की खेल नीति ने जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन नीतियों, नकद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था से आज प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार बड़े स्टेडियम बनाने के साथ-साथ गांवों में योग एवं व्यायामशालाएं भी खोल रही है। इसके अलावा सरकार द्वारा खेल एसोसिएशन और फेडरेशन गठित किए गए हैं, जो समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब हमारी बेटियां भी शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में लड़कों से आगे निकल रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और क्षमता के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

दादरी खेलों और संस्कारों की धरती: विधायक सुनील सतपाल सांगवान

खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक श्री सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि चरखी दादरी की पवित्र धरती हमेशा से वीरों, किसानों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की जन्मभूमि रही है। खेलों और युवाओं की वजह से भी चरखी दादरी को विशेष पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ी पदक हासिल करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचा और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments