पटियाला, 24 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे अपना बनता प्रॉपर्टी टैक्स समय पर जमा करवाकर सरकार द्वारा दी जा रही 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 10 प्रतिशत रिबेट (छूट) प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि शाही शहर पटियाला के सर्वांगीण विकास, सफाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा सड़कों, सीवरेज और स्ट्रीट लाइटों जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम को आम लोगों के पूर्ण सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रॉपर्टी मालिक अपनी नैतिक एवं नागरिक जिम्मेदारी समझते हुए समय पर टैक्स की अदायगी सुनिश्चित करे।
मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि वे 30 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना प्रॉपर्टी टैक्स पहले ही जमा करवा दें, ताकि अंतिम दिनों में होने वाली भीड़ और किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर टैक्स जमा करवाने से जहां आम नागरिकों को 10 प्रतिशत की आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं नगर निगम के वित्तीय संसाधन भी मजबूत होंगे। इससे शहर में चल रहे विकास कार्यों और आगामी विकास परियोजनाओं को और गति मिलेगी।






