लुधियाना, 24 अगस्त,2026 (जगमेल सिंह ढिल्लो): भारतीय किसान यूनियन (एकता)-उगराहां की लुधियाना जिला इकाई ने किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। गांव फल्लेवाल के गुरुद्वारा साहिब में जिला अध्यक्ष चरण सिंह नूरपुरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
संगठन के नेता सुदागर सिंह घुडाणी ने बताया कि 30 अगस्त से डिप्टी कमिश्नर कार्यालयों के बाहर दिन-रात पक्के धरने शुरू किए जाएंगे। आंदोलन के तहत भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, लैंड पूलिंग नीति, किसानों-मजदूरों की कर्जमाफी, जमीनों के मालिकाना हक और बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने सहित कई मांगें उठाई जाएंगी।
किसान नेताओं ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ भी आवाज बुलंद करने का ऐलान किया। धरनों की तैयारी के लिए गांवों में नुक्कड़ बैठकें, मोटरसाइकिल मार्च, जागो और ढोल मार्च आयोजित कर लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
बैठक में पत्रकार मनजिंदरजीत सिंह सिद्धू के खिलाफ दर्ज मामला रद्द करने की मांग भी की गई। नेताओं ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में सरकार को लोकतांत्रिक और कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
इस मौके पर मनोहर सिंह कलाहड़, चरणजीत सिंह, बलवंत सिंह घुडाणी, जगमीत सिंह कलाहड़, युवराज सिंह घुडाणी और नाजर सिंह सियाड़ सहित कई नेता मौजूद रहे।






