चंडीगढ़, 24 अगस्त 2026 (हर्षलीन सिंह): पंजाब सरकार के पैनल के आधार पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट और आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, जालंधर के नए वाइस चांसलरों की नियुक्ति कर दी है।
डॉ. राजिंदर कुमार बांसल को बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज का वाइस चांसलर बनाया गया है, जबकि डॉ. अरविंद कुमार बांसल को आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियां तीन साल के लिए की गई हैं।
डॉ. राजिंदर कुमार बांसल चिमा मंडी, संगरूर के रहने वाले हैं और डीएमसी लुधियाना में न्यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख रह चुके हैं। वहीं डॉ. अरविंद कुमार बांसल इससे पहले नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे।
बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के नए वीसी के सामने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं और हालिया विवादों को लेकर कई चुनौतियां हैं। डॉ. राजिंदर बांसल ने कहा है कि विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, लुधियाना के नए वाइस चांसलर की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। डॉ. सतबीर सिंह गोसल 18 अगस्त को इस पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।






