लेह, 24 अगस्त 2026 (अमनदीप सरां): लद्दाख की राजधानी लेह में सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एन.सी.एस.) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई। भूकंप सुबह 8:25 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 120 किलोमीटर की गहराई में था।
फिलहाल भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे कुछ घंटे पहले हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भी 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था। एन.सी.एस. के मुताबिक, चंबा में भूकंप के झटके सुबह 3:40 बजे महसूस किए गए और इसकी गहराई 8 किलोमीटर दर्ज की गई।
गौरतलब है कि रविवार को भी लेह क्षेत्र में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई 150 किलोमीटर दर्ज की गई थी। लगातार भूकंप के झटकों से क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ गई है।






