चंडीगढ़, 24 अगस्त,2026 (अमलदीप सभरवाल): पंजाब में पिछले एक दिन से हो रही बारिश के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बारिश के प्रभाव से पंजाब के अधिकतम तापमान में करीब 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। इसके चलते तापमान सामान्य के आसपास पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, फिरोजपुर और संगरूर के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है। गुरदासपुर, अमृतसर और नवांशहर में भी बरसात के आसार बने हुए हैं।
राज्य के मालवा क्षेत्र में फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रविवार को आनंदपुर साहिब में सबसे ज्यादा 46.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा केवीके पठानकोट में 18 मिमी, रोपड़ केवीके में 17.5 मिमी, भाखड़ा डैम में 14 मिमी, मोहाली में 9 मिमी, थीन डैम में 3 मिमी, होशियारपुर में 2.5 मिमी और गुरदासपुर में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। कुल आठ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मानसून की ट्रफ अमृतसर और पटियाला से होकर गुजर रही है, जबकि उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते आने वाले समय में पंजाब के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।






