कोनाकरी, 24 अगस्त,2026 (जतिंदर गर्ग): अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाकरी में भारी बारिश के बाद बड़ा हादसा हो गया। दार-ए-सलाम इलाके में स्थित एक बड़े लैंडफिल का विशाल कचरे का ढेर अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई।
हादसा रविवार तड़के करीब 2 बजे हुआ। कचरे का ढेर गिरने से आसपास की कई झुग्गियां मलबे में दब गईं। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई घर पूरी तरह तबाह हो गए। प्रशासन ने बताया कि लैंडफिल के आसपास रहने वाले लोगों को पहले ही इलाका खाली करने के नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ परिवार घटना के समय वहां मौजूद थे।
प्रशासन ने राहत कार्य तेज करते हुए बड़े खुले कूड़ा डंप को बंद करने का फैसला भी लिया है।






