कुरुक्षेत्र,4 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा मुक्त विद्यालय की सेकेंडरी तथा सीनियर सेकेंडरी (फ्रैश कैटेगरी) परीक्षा मार्च-2027 के लिए आवेदन फार्म भरने की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट बीएचईएच.ओआरजी.इन पर दिए गए लिंक पर 4 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि जो परीक्षार्थी सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) फ्रेश कैटेगरी परीक्षा मार्च-2027 के लिए आवेदन करना चाहते हैं, ऐसे परीक्षार्थी 3500 रूपये निर्धारित शुल्क के साथ 4 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद परीक्षार्थी 1500 रुपये विलंब शुल्क सहित 1 अक्टूबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सीनियर सेकेंडरी के परीक्षार्थियों द्वारा यदि अतिरिक्त विषय की परीक्षा भी दी जानी है तो उसके लिए 400 रुपये प्रति विषय शुल्क अलग से देय होगा। सभी परीक्षार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के साथ ही परीक्षा के माध्यम का चुनाव करना होगा। ऑनलाइन आवेदन करने के संबंध में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी का हवाला देकर समय पर आवेदन न करने की अवस्था में किसी परीक्षार्थी को समय की छूट नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन करते समय केवल अपना, माता-पिता या भाई-बहन का ही मोबाइल नंबर दर्ज करें, किसी कोचिंग सेंटर या साइबर कैफे वाले का मोबाईल नंबर दर्ज न करवाएं, ताकि बोर्ड द्वारा छात्र हित के दृष्टिगत समय-समय पर जो-जो जानकारियां/हिदायतें दी जानी होती हैं वे सीधे परीक्षार्थी तक पहुंच सके। सेकेंडरी तथा सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) मार्च-2027 फ्रैश कैटेगरी के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय परीक्षार्थियों द्वारा पोर्टल पर अपार आईडी का कॉलम भरा जाना अनिवार्य है। ऑनलाइन पंजीकरण करते समय परीक्षार्थी को अध्ययन केन्द्र चुनने का विकल्प दिया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण उपरान्त पंजीकरण की पुष्टि परीक्षार्थी द्वारा दी गई ईमेल आईडी पर भेज दी जाएगी। पंजीकरण पूर्ण होने उपरान्त परीक्षार्थी द्वारा सभी संबंधित दस्तावेज चुने गए अध्ययन केन्द्र पर जमा करवाने अनिवार्य हैं। सभी परीक्षार्थियों द्वारा 4 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक हर रविवार को अपने चुने गए अध्ययन केन्द्र पर 20 दिन कक्षाएं लगाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि दसवीं कक्षा के परीक्षार्थियों हेतु बोर्ड द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 से त्रिभाषा सूत्र लागू किया गया है, इस प्रकार पूर्व में लागू पांच अनिवार्य विषयों के स्थान पर अब परीक्षार्थी द्वारा छ: अनिवार्य विषयों के साथ एक वैकल्पिक विषय का चयन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन करने से संबंध में सभी आवश्यक दिशा-निर्देश/पूर्ण जानकारी बोर्ड की वेबसाइट बीएसईएच.ओआरजी.इन पर उपलब्ध है। परीक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को पढऩा अवश्य सुनिश्चित करें। ऑनलाइन आवेदन के सफल पंजीकरण से अभिप्राय है कि आवेदन/पंजीकरण के साथ-साथ निर्धारित शुल्क का बोर्ड कार्यालय के नामित बैंक खाते में जमा होना।





