काठमांडू, 04 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह): नेपाल की त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग में नौ दिन तक फंसे रहने के बाद शुक्रवार को बचाए गए कामगार संजय साह ने बताया कि उन्होंने इस दौरान लगातार ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र का जाप किया।
सप्तरी निवासी 30 वर्षीय साह को कृष्ण जन्माष्टमी के दिन एक अन्य कामगार कबीर महर्जन के साथ सुरक्षित बाहर निकाला गया। साह की हालत स्थिर है, जबकि महर्जन को इलाज के लिए काठमांडू स्थित नेपाल आर्मी अस्पताल ले जाया गया।
साह ने बताया कि हादसे के समय वह नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी पर थे और दूसरों को सुरक्षित बाहर निकलने के लिए कहा। हालांकि, लोगों के निकलने के बाद वह खुद सुरंग में फंस गए। उन्होंने बताया कि अंदर उन्हें तीन-चार अन्य लोगों की आवाजें सुनाई दीं और आशंका जताई कि सुरंग के गहरे हिस्से में कुछ और लोग भी फंसे हो सकते हैं।






