पटियाला, 5 सितंबर 2026 (छतरपाल सिंह): पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला और इससे जुड़े कॉलेजों के कॉन्ट्रैक्ट असिस्टेंट प्रोफेसरों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चल रहा धरना आज 19वें दिन में प्रवेश कर गया। शिक्षकों ने 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया है।
शिक्षकों का कहना है कि उनकी मांगें पिछले 15 से 20 वर्षों से लंबित हैं और कॉन्ट्रैक्ट असिस्टेंट प्रोफेसरों को उनके बनते अधिकार नहीं मिले हैं। इसके विरोध में शिक्षकों ने अधिक से अधिक संख्या में यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचकर धरने में शामिल होने की अपील की।
शिक्षक नेताओं ने कॉलेजों और अन्य कैंपसों में मौजूद शिक्षकों से भी काले कपड़े या अन्य काले प्रतीक पहनकर तथा हाथों में काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से अपने संघर्ष और मांगों की आवाज मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
इसके साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम, समाचार पत्रों और टीवी चैनलों के जरिए भी अपनी मांगों और विचारों को जनता के सामने रखने का आह्वान किया गया।
शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर भी उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जिसके चलते इस दिन को विरोध के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी शिक्षक साथियों से विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।







