वडोदरा, 8 सितंबर 2026 (हर्षलीन सिंह): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 8 सितंबर को वडोदरा स्थित महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (एम.एस.यू) के पैविलियन ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम की टिकटें ऑनलाइन टिकट प्लेटफॉर्म बुक माय शो पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई थीं। जानकारी के अनुसार, टिकटों की बिक्री शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर ही सभी टिकटें बिक गईं।
यह कार्यक्रम वडोदरा म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (वी.एम.सी.) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर कितनी टिकटें बेची गई हैं, इसका सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है। दूसरी ओर, दावा किया जा रहा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 42,000 लोग वेटिंग क्यू में हैं।
इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी दिलचस्पी है। टिकटों की तेजी से बिक्री और बड़ी संख्या में लोगों के वेटिंग लिस्ट में शामिल होने के कारण कार्यक्रम को लेकर लोगों की रुचि चर्चा का विषय बनी हुई है।






