पटियाला, 8 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह): श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिला पटियाला निवासियों को आधुनिक तकनीक और आध्यात्मिकता के संगम का अद्भुत अनुभव देने के लिए 500 ड्रोन के विशेष शो आयोजित किए जाएंगे। पांच दिनों तक चलने वाली इस श्रृंखला के दौरान आसमान में रोशनी के जरिए गुरु जी के जीवन और उनके सरबत के भले वाले संदेश की झलक पेश की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा पहला शो 9 सितंबर को अनाज मंडी पातड़ाँ, दूसरा 10 सितंबर को पटियाला देहाती हलके की अनाज मंडी सरहिंद रोड पर, तीसरा 11 सितंबर को पटियाला शहरी हलके के पोलो ग्राउंड में, चौथा 12 सितंबर को सरकारी रिपुदमन कॉलेज नाभा के स्टेडियम में और 13 सितंबर को पांचवां शो राजपुरा की अनाज मंडी में आयोजित किया जाएगा।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सैकड़ों ड्रोन की तालमेल भरी उड़ान के जरिए आकाश में बनने वाली विभिन्न आकृतियों और रोशनी के रंगों से श्री गुरु रविदास महाराज जी की समानता, मानवता, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की विचारधारा को दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुति विशेष रूप से युवाओं को गुरु जी के महान जीवन और संदेश से जोड़ने का प्रभावशाली माध्यम बनेगी।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने ड्रोन के अलौकिक नजारे का गवाह बनने के लिए सभी जिला निवासियों को न्योता देते हुए कहा कि वे परिवारों सहित इन शो का हिस्सा बनें और श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करें।
इस अवसर पर इन कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी एडीसी (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान ने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान लोगों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा संबंधित एसडीएम की देखरेख में यातायात, सुरक्षा, पार्किंग, बिजली, पानी, सफाई और बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंध सुचारू रूप से किए जा रहे हैं।






