अमलोह/बस्सी पठाना, 09 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के दौरान जिले की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में स्वीप के तहत सरकारी आईटीआई, बस्सी पठाना और माघी मेमोरियल कॉलेज फॉर वूमेन, अमलोह में विशेष सेमिनार आयोजित किए गए। सेमिनार के दौरान युवा विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकारों और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या जल्द ही 18 वर्ष के होने वाले हैं, वे अपनी नई वोट बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भर सकते हैं। इसके अलावा वे चुनाव आयोग की वेबसाइट Voters.eci.gov.in या ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म नंबर 6 भरकर अपना नाम नए मतदाता के रूप में मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं अपनी वोट बनवाने के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों, दोस्तों और आसपास के अन्य योग्य युवाओं को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।






