अमलोह/बस्सी पठाना/फतेहगढ़ साहिब, 09 सितंबर, 2026 (राजेश कुमार): पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत नगर परिषद अमलोह, सरहिंद और बस्सी पठाना द्वारा सफाई अभियान के 12वें दिन विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य करवाए गए। इसी कड़ी के तहत नगर परिषद सरहिंद द्वारा वार्ड नंबर 05 और 17, नगर परिषद बस्सी पठाना द्वारा खालसा स्कूल रोड तथा नगर परिषद अमलोह द्वारा खन्ना रोड, अमलोह के आसपास पड़े कूड़े-कचरे और गंदगी को हटाया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद सरहिंद की प्रधान श्रीमती आशा रानी, नगर परिषद बस्सी पठाना के प्रधान राज पुरी और नगर परिषद अमलोह की प्रधान श्रीमती हरप्रीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत सफाई कार्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सफाई अभियान का उद्देश्य केवल कूड़ा हटाना ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करके साफ-सुथरे शहर का निर्माण करना भी है।
इस अवसर पर नगर परिषद अमलोह के उपप्रधान अतुल लुटावा, जानवी शर्मा, एमसी जगतार सिंह, चेयरमैन मार्केट कमेटी दर्शन सिंह चीमा, एमसी सरहिंद परवीन कुमारी, मनप्रीत कौर सहित नगर परिषदों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






