Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaहरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, कौशल, नवाचार और निवेश के क्षेत्र...

हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, कौशल, नवाचार और निवेश के क्षेत्र में सहयोग की व्यापक संभावनाएं : मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ/ हरियाणा, 9 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को चंडीगढ़ में भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर श्री फिलिप ग्रीन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, कृषि, ग्रीन एनर्जी, खेल, पर्यटन, निवेश तथा युवाओं को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत और व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा, तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और लोगों के बीच संपर्क लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हरियाणा के लिए ऑस्ट्रेलिया के साथ राज्य स्तर पर सहयोग को और मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का लाभ हरियाणा के युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, उद्यमियों और उद्योगों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, कौशल, शोध, नवाचार और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग से हरियाणा के विकास को नई गति दी जा सकती है।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री अजय कुमार, विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री पवन चौधरी, विदेश सहयोग विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती हीना बिंदलिश सहित ऑस्ट्रेलिया-इंडिया बिजनेस काउंसिल के प्रतिनिधि और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने तथा बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

विश्वविद्यालय और नवाचार में सहयोग पर विशेष जोर

बैठक में हरियाणा की यूनिवर्सिटी और ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख यूनिवर्सिटी एवं शोध संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, कृषि, इंजीनियरिंग, क्लीन एनर्जी और पब्लिक पॉलिसी जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध, विद्यार्थी एवं फैकल्टी एक्सचेंज तथा संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और शोध का तेजी से विस्तार हो रहा है। ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों की विशेषज्ञता का लाभ लेकर राज्य में नवाचार, शोध और इंडस्ट्री-अकादमिक साझेदारी को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने हरियाणा में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, रिसर्च एवं इनोवेशन हब तथा नई तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने में ऑस्ट्रेलिया के सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

युवाओं को वैश्विक कौशल से जोड़ने पर चर्चा

बैठक में हरियाणा के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल प्रदान करने और उन्हें वैश्विक रोजगार अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष चर्चा हुई। ऑस्ट्रेलिया के तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा संस्थानों और हरियाणा के आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा स्किल यूनिवर्सिटी के बीच सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

दोनों पक्षों ने उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक पाठ्यक्रम, अंग्रेजी भाषा प्रशिक्षण, प्रमाणन और रोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के युवाओं के लिए ऑस्ट्रेलिया में हेल्थकेयर, कंस्ट्रक्शन, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स और आईटी जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के अनुरूप प्रशिक्षण एवं कौशल विकास में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

कृषि क्षेत्र में तकनीकी सहयोग की संभावनाएं

बैठक में कृषि क्षेत्र में हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता को जोड़ने पर भी चर्चा हुई। प्रिसीजन एग्रीकल्चर, पानी की बचत वाली खेती, जलवायु अनुकूल कृषि, मिट्टी की सेहत, फार्म मशीनीकरण, डेयरी तकनीक, फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन और एग्री इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

ग्रीन हाइड्रोजन और क्लीन एनर्जी पर सहयोग

ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज, नवीकरणीय ऊर्जा, वेस्ट-टू-एनर्जी और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार किया गया। हरियाणा की औद्योगिक क्षमता और ऑस्ट्रेलिया की तकनीकी विशेषज्ञता को साथ लाकर क्लीन एनर्जी तथा भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए नई परियोजनाएं विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

निवेश और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग पर जोर

बैठक में ऑटोमोबाइल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, एग्रीटेक, टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्री 4.0 जैसे क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलियाई निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की मजबूत औद्योगिक अर्थव्यवस्था, विकसित बुनियादी ढांचा, कुशल मानव संसाधन और तेजी से विकसित हो रहा नवाचार इकोसिस्टम ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों एवं निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

खेल और पर्यटन में भी सहयोग की संभावनाएं

बैठक में स्पोर्ट्स साइंस, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग, एथलीट डेवलपमेंट और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा हुई। क्रिकेट, हॉकी, कुश्ती और बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों में ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता का लाभ हरियाणा के खिलाड़ियों को उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर श्री फिलिप ग्रीन ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को ऑस्ट्रेलिया आने का निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, कौशल, नवाचार, खेल और पर्यटन के माध्यम से दोनों देशों के युवाओं एवं संस्थानों के बीच लोगों से लोगों का संपर्क और मजबूत किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments