संगरूर, 9 सितंबर,2026 (हर्षलीन सिंह): डिप्टी डायरेक्टर, माई भारत संगरूर राहुल सैनी ने जिले के युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी)-2027 में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और नए विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने योग्य युवाओं से ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर वीबीवाईएलडी क्विज में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा वीबीवाईएलडी-2027 युवाओं की सोच और क्षमता को देश के विकास से जोड़ने वाला मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण के लिए अपने विचार और सुझाव सामने रखने का अवसर मिलेगा।
डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि 17 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष की आयु वाले युवा इसमें भाग लेने के पात्र हैं। वीबीवाईएलडी-2027 के तहत छह प्रमुख ट्रैक—विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट—शामिल हैं। इनके माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और विचार क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष वीबीवाईएलडी-2026 में देशभर से 50 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया था, जो इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के प्रति युवाओं के उत्साह को दर्शाता है।
उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस/एनसीसी इकाइयों, युवा क्लबों, शिक्षकों और अभिभावकों से भी अपील की कि योग्य युवाओं तक वीबीवाईएलडी-2027 से संबंधित जानकारी पहुंचाई जाए और उन्हें पंजीकरण करवाकर इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाए।
डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि संगरूर के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कोई कमी नहीं है और वीबीवाईएलडी-2027 उनके लिए अपनी सोच को देश के भविष्य से जोड़ने का सार्थक मंच है। उन्होंने मीडिया से भी वीबीवाईएलडी क्विज के संबंध में अधिक से अधिक जागरूकता पैदा करने में सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि वीबीवाईएलडी-2027 का ग्रैंड नेशनल कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संवाद में अपनी सोच और विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।






