चंडीगढ़/हरियाणा,10 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पंजाब की राजनीति ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां सत्ता, स्थिरता और जनहित के बीच संघर्ष दिखाई दे रहा है। युवा नशे की गिरफ्त में हैं। पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है जो राज्य के विकास के लिए निर्णय लेने से न डरे, जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे और देशहित में काम करे। यह सब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव है। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की तर्ज पर विकसित पंजाब बनाने का काम किया जाएगा और हरियाणा की कल्याणकारी योजनाओं को भी पंजाब में लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास संत कबीर कुटीर में पंजाब के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए लोगों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से आए 500 से अधिक सरपंचों, जिला परिषद सदस्यों और किसान संगठनों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के अपने संकल्प पत्र में किए गए 217 वादों में से 70 को केवल 18 महीनों में पूरा करके दिखाया है, जबकि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पांच साल में अपने 57 चुनावी वादों में से एक भी पूरा नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा के 2 लाख से अधिक युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि पंजाब में नौकरियों के नाम पर युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं को नशे की बुराई से बचाने के लिए व्यापक और सख्त अभियान चलाया हुआ है, जबकि पंजाब का युवा नशे की गिरफ्त में है। पंजाब सरकार नशे की समस्या को खत्म करने में असफल रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेहतर खेल नीति के कारण राज्य के खिलाड़ी ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए सबसे अधिक पदक जीत रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद रही है। पिछले 12 वर्षों में किसानों को फसल खराब होने पर 16,500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संस्कृति मजबूत हुई है। हरियाणा सरकार ने गुरुओं और संतों के प्रकाश पर्व एवं अन्य महत्वपूर्ण दिवस मनाने का कार्य किया है। इसी कड़ी में श्री गुरु तेग बहादुर जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और श्री गुरु अर्जन देव जी के प्रकाश पर्व भी मनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का एक समृद्ध राज्य रहा है, लेकिन आजादी के करीब 19 वर्ष बाद पंजाब से अलग होकर बने हरियाणा ने विकास की यात्रा में पंजाब को काफी पीछे छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर लोगों का पंजाब के प्रति जो विश्वास और पहचान थी, उसे फिर से बहाल किया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर किया जाएगा, उद्योगों के पलायन को रोका जाएगा, युवाओं को स्टार्टअप के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा और व्यापारियों के बीच व्याप्त डर को समाप्त किया जाएगा।
इस अवसर पर पंजाब के पूर्व सांसद सरदार जगमीत सिंह बराड़, हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती, महेंद्र सिंह सैनी, सरदार दीदार सिंह भट्टी, सरदार रघुवीर सिंह छिंदा, जत्थेदार बाबा पंजाब सिंह, राजिंदर कौर, विशाल गुर्जर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





