कुरुक्षेत्र 11 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अब तक समाधान शिविर में 8659 शिकायतें प्राप्त हुई, इनमें से 5531 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की पोर्टल पर डिटेल जानकारी अपडेट करें, ताकि शिकायतें दोबारा ओपन ना हो। उसको कम करने के लिए जांच रिपोर्ट भरकर विस्तृत जानकारी पोर्टल पर अपडेट करें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी, सीपीजीआरएएमएस और जनसंवाद की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इससे पहले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव ने चंडीगढ़ से वीसी के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने वीसी में बताया कि सीएम विंडो से संबंधित अब तक 12408 शिकायतें प्राप्त हुई है जिनमें से 12135 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है, जबकि 150 शिकायतें ओवर ड्यू है और 211 शिकायत इन एक्शन है। उन्होंने बताया कि जन संवाद में 563 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें 147 इन एक्शन है और 115 शिकायतें ओवर ड्यू है। उन्होंने अधिकारियों को कहा की जल्द से जल्द सोशल मीडिया ग्रीवेंस से संबंधित 99 समस्याओं का समाधान करें तथा उसकी एटीआर भी पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सीपीजीआरएएमएस से संबंधित 31 शिकायतें पेंडिंग है जिसका समाधान भी समय रहते करें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान संभव नहीं है उन शिकायतों को जांच रिपोर्ट के साथ तुरंत प्रभाव से रिजेक्ट करें और पोर्टल पर डाटा अपडेट करें। उन्होंने कहा कि सोमवार व वीरवार को सभी उपमंडल और जिला स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं जुडकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोगों की शिकायतों को सुनते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय से समीक्षा भी की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वो समाधान शिविर में आने वाले शिकायतों को गंभीरता से लें और शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान करें। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ पंकज सेतिया संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।






