अमलोह/मंडी गोबिंदगढ़, 11 सितंबर,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान के 14वें दिन अमलोह विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने खन्ना रोड अमलोह और जी.टी. रोड अंबेमाजरा में चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं भी सफाई अभियान का नेतृत्व करते हुए लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विधायक गुरिंदर सिंह गैरी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा हटाना ही नहीं, बल्कि शहर में स्थायी रूप से बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में जमा कूड़े के ढेरों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक गैरी बड़िंग ने शहरवासियों से अपील की कि वे घरों और दुकानों का कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें।

इस अवसर पर मंडी गोबिंदगढ़ नगर परिषद के प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस, उपप्रधान विनीत कुमार बिट्टू, नगर परिषद अमलोह के उपप्रधान श्री अतुल लुटावा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन सरदार दर्शन सिंह चीमा, पार्षद हरचंद सिंह नस्राली, राजेश कुमार राजू, बलकार सिंह, जानवी शर्मा, सरदार जगतार सिंह तथा शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






