लहरा, 11 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): पंजाब राज्य में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चल रही मतदाता सूचियों की एस.आई. आर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन)-2026 प्रक्रिया के तहत 13 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दाखिल करने का दूसरा चरण जारी है। इस दौरान मतदाताओं से प्राप्त हो रहे दावों और आपत्तियों का निपटारा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब, चंडीगढ़ द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 099-लहर के निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट, लहर, श्री राकेश प्रकाश, पी.सी.एस. द्वारा मतदाता सूची के संशोधन एवं अपडेट से संबंधित अब तक प्राप्त दावों और आपत्तियों की सूचियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गईं।
इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी श्री राकेश प्रकाश, पी.सी.एस. ने बताया कि दावों और आपत्तियों से संबंधित सूचियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करने का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के संशोधन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इससे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्राप्त दावों और आपत्तियों की आवश्यक जांच-पड़ताल करने के लिए जानकारी उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि SIR-2026 प्रक्रिया के दौरान प्राप्त होने वाले प्रत्येक दावे और आपत्ति पर निर्धारित चुनावी नियमों और निर्देशों के अनुसार विचार किया जा रहा है। उन्होंने सभी योग्य नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करें तथा यदि किसी प्रकार के संशोधन, नाम शामिल करवाने या आपत्ति की आवश्यकता हो तो निर्धारित समय के भीतर अपना दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।
इस अवसर पर श्री गुरमेल सिंह (आम आदमी पार्टी), श्री रविशेर सिंह (शिरोमणि अकाली दल), श्री सुरेश पाल राठी (भारतीय जनता पार्टी) और श्री सुखजिंदर सिंह (इंडियन नेशनल कांग्रेस) सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा चुनाव स्टाफ मौजूद रहे।






